21 दिन का लॉकडाउन क्यों जरूरी

कोरोनावायरस को रोकने के लिए 21 दिन तक देश में लॉकडाउन है। यह 24 मार्च रात 12 बजे से लागू हो गया है और 14 अप्रैल तक लागू रहेगा। 21 दिन के लॉकडाउन के पीछे भी वजह है और वो ये कि कोई व्यक्ति कोरोनावायरस से संक्रमित है या नहीं, इसका पता 14 दिन के अंदर कभी भी लग सकता है। उसके बाद 5 से 7 दिन के अंदर दूसरों को भी संक्रमित कर सकता है। देश में कोरोनावायरस अभी दूसरी स्टेज में है और तीसरी स्टेज की तरफ जा रहा है। इससे बचने के लिए ही लॉकडाउन लगाया गया है। अगर लॉकडाउन नहीं होता, तो कोरोनावायरस के मामले तेजी से बढ़ने का खतरा है।


देश में 137 करोड़ से ज्यादा की आबादी रहती है। सबसे ज्यादा आबादी के मामले में हम चीन के बाद दूसरे नंबर पर हैं। लेकिन, पॉपुलेशन डेंसिटी के मामले में हम चीन और पाकिस्तान से भी आगे हैं। वर्ल्ड बैंक के आंकड़े बताते हैं कि हमारे देश में हर 1 किमी के दायरे में 455 लोग रहते हैं। वहीं, चीन में ये आंकड़ा 148 और पाकिस्तान में 275 का है। अगर लोग घर पर नहीं रुकेंगे, तो देश में कोरोना के आंकड़े बहुत डरावने वाले बन सकते हैं।